
नर्मदापुरम 03,फरवरी,2026(हिन्द संतरी ) नर्मदापुरम जिले का FLN सर्वे (सितंबर 2025) का रिपोर्ट कार्ड जारी किया गया है। सत्र 2024–25 में तकनीकी कारणों से निरस्त FLN सर्वे को पुनः सत्र 2025–26 में सितंबर माह में कक्षा 2 एवं 3 के विद्यार्थियों हेतु साक्षरता (हिंदी) एवं संख्या ज्ञान (गणित) विषयों में आयोजित किया गया। इस सर्वे में जिले के सभी सात विकासखंडों के कुल 67 विद्यालयों से कक्षा 2 के 585 तथा कक्षा 3 के 628 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। परिणामों के अनुसार कक्षा 2 में साक्षरता (हिंदी) में जिले को प्रदेश स्तर पर छठा स्थान तथा संख्या ज्ञान (गणित) में प्रदेश के टॉप तीन में स्थान प्राप्त हुआ है। इसी प्रकार कक्षा 3 में साक्षरता (हिंदी) में जिले को प्रदेश में 12वाँ स्थान एवं संख्या ज्ञान (गणित) में प्रदेश के टॉप चार में स्थान प्राप्त हुआ है।
राज्य औसत की तुलना में नर्मदापुरम जिले का प्रदर्शन सभी विषयों में बेहतर रहा है। उल्लेखनीय है कि पूर्व FLN सर्वे में जिला बॉटम 10 में शामिल था, जबकि वर्तमान सर्वे में जिले ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है।
इस अवसर पर जिला परियोजना समन्वयक डॉ. राजेश जायसवाल ने बताया कि इस उपलब्धि में कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु जैन का मार्गदर्शन अत्यंत महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने कहा कि डाइट पचमढ़ी एवं जिले के समस्त विद्यालय स्टाफ के सामूहिक प्रयास के बिना यह परिणाम संभव नहीं था। राज्य से प्राप्त रिपोर्ट के परिणाम उत्साहवर्धक हैं। राज्य शासन द्वारा प्राप्त निर्देशों के अनुरूप नर्मदापुरम को ‘निपुण नर्मदापुरम’ बनाने के लिए सतत प्रयास जारी हैं और जिले का लक्ष्य है कि प्रत्येक बच्चा निपुण बने।
