नीलेश यादव जिला ब्यूरो
नर्मदापुरम 06,जून,2026(हिन्द संतरी) तहसील सिवनी मालवा अंतर्गत ग्राम कहरिया में स्थित शासकीय राजस्व भूमि, जिसे नगर पालिका को आवंटित किया गया है, पर वृहद स्तर पर वृक्षारोपण कार्य कराए जाने के उद्देश्य से शनिवार को संयुक्त रूप से मौका निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) विजय राय, नगर पालिका अध्यक्ष श्री रितेश जैन, नगर पालिका सीएमओ अमर सिंह सहित राजस्व विभाग एवं नगर पालिका की संयुक्त टीम उपस्थित रही। अधिकारियों द्वारा आवंटित भूमि का बारीकी से निरीक्षण कर स्थल की भौगोलिक स्थिति, उपलब्ध क्षेत्र एवं वृक्षारोपण की संभावनाओं का अवलोकन किया गया। इस दौरान भूमि पर किए जाने वाले विकासात्मक कार्यों एवं सघन वृक्षारोपण अभियान हेतु विस्तृत कार्ययोजना तैयार किए जाने को लेकर चर्चा की गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर विशेष जोर देते हुए आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रकृति के संतुलन एवं आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। अधिकारियों ने निर्णय लिया कि जन-जागरूकता को बढ़ावा देते हुए शीघ्र ही संपूर्ण भूमि पर योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य प्रारंभ किए जाएंगे तथा युद्ध स्तर पर सघन वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। इस पहल से क्षेत्र में हरित वातावरण विकसित होने के साथ-साथ सुनियोजित विकास को भी गति मिलेगी।
