नीलेश यादव जिला ब्यूरो
नर्मदापुरम 19,अक्टूबर,2026(हिन्द संतरी ) कलेक्टर आशीष वशिष्ठ एवं पुलिस अधीक्षक साई कृष्ण ने एसडीएम पिपरिया तथा स्थानीय पुलिस एवं राजस्व अधिकारियों के साथ पिपरिया में आयोजित नवरात्रि मेले की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान आगामी रावण दहन एवं गरबा उत्सव के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नवरात्रि उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। आयोजन स्थलों पर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने, भीड़ प्रबंधन तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए।
इसके पश्चात कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने तहसील पिपरिया के ग्राम सांडिया स्थित सीताराम घाट का निरीक्षण किया, जहां प्रतिमा विसर्जन किया जाना निर्धारित है। अधिकारियों ने विसर्जन स्थल पर सुरक्षा प्रबंधों, आवश्यक व्यवस्थाओं एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।
