
नीलेश यादव जिला ब्यूरो
नर्मदापुरम 24,अप्रैल,2026 (हिन्द संतरी ) जल संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने की दिशा में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद नर्मदापुरम द्वारा कलेक्टर के निर्देशन में जिले भर में जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सोहागपुर विकासखंड के ग्राम डूडांदेह में महिलाओं ने अभियान की जिम्मेदारी संभालते हुए मिसाल पेश की।
पलकमति नदी पर आयोजित जल गंगा संवर्धन कार्यक्रम में नवांकुर संस्था मित्र संघ के प्रमुख कमल किरार के नेतृत्व में ग्राम की नवीन महिला प्रस्फुटन समिति ने सक्रिय भागीदारी की। जन अभियान परिषद की प्रस्फुटन योजना के तहत गठित इस समिति की महिला सदस्यों ने नदी तट पर श्रमदान कर जल संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया।
श्रमदान से पहले प्रस्फुटन समिति की महिलाओं ने नर्मदा जी के गीत गाते हुए पूरे ग्राम में रैली निकाली। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को जल बचाने और नदियों को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया गया। इस अवसर पर जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक किशोर कढो़ले भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी महिला कार्यकर्ताओं को जल संरक्षण एवं संवर्धन की शपथ दिलाई गई।
