भोपाल 02 नवम्बर 2026, (हिन्द संतरी ) किसानों को शासकीय योजनाओं के प्रति जागरूक करने, कृषि संबंधी ज्ञान को समृद्ध करने मध्य प्रदेश में अब तक की सबसे बड़ी पुरस्कार योजना में 165 विजेता किसानों को ट्रेक्टर, बुलेट और ई-स्कूटर दिए। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के निर्देश पर किसानों के स्वाभिमान के सम्मान में यह पहल की गई। प्रदेश के 71 वें स्थापना दिवस पर जिलों में आयोजित गरिमापूर्ण कार्यक्रमों में किसानों को ये पुरस्कार प्रदान दिए गए. मुख्यमंत्री ने विजेता किसानों को बधाई और शुभकामनाएं दी है।
उल्लेखनीय है कि वीर भारत न्यास के सहयोग से प्रदेश स्तरीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता 29 जनवरी से 15 मार्च, 2026 तक आयोजित की गई थी । इस ऑनलाइन प्रतियोगिता में लगभग 40 हजार किसानों ने भाग लिया। इनमें से मेरिट सूची के आधार पर लॉटरी से 55 जिलों के 165 विजेताओं का चयन किया गया।
प्रत्येक जिले से तीन विजेताओं को प्रथम पुरस्कार के रूप में ट्रैक्टर, द्वितीय पुरस्कार के रूप में बुलेट मोटर साइकिल एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में ई-स्कूटर प्रदान किए गए। विजेताओं को भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सम्मानित किया। अन्य जिलों में प्रभारी मंत्रियों, विधायकों ने पुरस्कार वितरित किए । ग्वालियर में स्थापना दिवस समारोह के मुख्य अतिथि एवं विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने क्रमशः ट्रेक्टर, बुलट मोटरसाइकिल और स्कूटी की राशि प्रदान की।
भितरवार विकासखंड के ग्राम खेड़ा निवासी युवा कृषक श्री कृष्णा रावत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। श्री तोमर ने उन्हें ट्रेक्टर के लिए 7 लाख 26 हजार रुपए का प्रतीकात्मक चैक और ट्रेक्टर की चाबी सौंपी। भितरवार विकासखंड के ग्राम बेरनी निवासी श्री रामबरन सिंह परिहार द्वितीय स्थान पर रहे। उन्हें बुलट मोटरसाइकिल के लिए 1 लाख 68 हजार रुपए का प्रतीकात्मक चैक और मोटरसाइकिल की चाबी प्रदान की गई। भितरवार विकासखंड के ही ग्राम सोताखिरिया निवासी श्री कुबेर सिंह बघेल को तृतीय पुरस्कार के रूप में स्कूटी के लिए 1 लाख 20 हजार रुपए की राशि और स्कूटी की चाबी दी गई।
किसान बोले सोचा नहीं था, इतना बड़ा पुरस्कार मिलेगा
ट्रेक्टर पाकर भावविभोर युवा किसान श्री कृष्णा रावत ने कहा मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि इस प्रतियोगिता में मुझे 7 लाख 26 हजार रुपए का ट्रेक्टर मिलेगा। इसके लिए मैं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभारी हूँ। इससे केवल मुझे ही नहीं, ग्वालियर जिले सहित पूरे प्रदेश के किसानों को प्रोत्साहन मिला है। कृषक श्री रामबरन सिंह परिहार ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ किसानों को उन्नत खेती के लिए प्रेरित करती हैं और यह सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की सजीव मिसाल हैं।स्कूटी प्राप्त करने वाले श्री कुबेर सिंह बघेल ने कहा इस स्कूटी से हम खेती-किसानी के काम भी करेंगे और मेरा बेटा इस पर बैठकर पढ़ने भी जाएगा। उनके ये शब्द इस बात का प्रमाण हैं कि सरकार की पहल का लाभ किसान के साथ उसके पूरे परिवार तक पहुँच रहा है
उज्जैन में प्रथम पुरस्कार के रूप में श्री रोहित पिता श्री रमेशचंद को ट्रैक्टर प्रदान किया गया। द्वितीय पुरस्कार के रूप में श्री संजय पिता श्री बनेसिंह को बुलेट मोटरसाइकिल तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में श्री शंकरलाल पिता श्री बगदीराम को ई-स्कूटी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इंदौर जिले के देपालपुर तहसील के ग्राम बछौड़ा निवासी किसान श्री जितेंद्र पिता श्री प्रहलाद सिंह मौर्य को प्रथम पुरस्कार के रूप में 7 लाख 26 हजार रुपये मूल्य का ट्रैक्टर प्रदान किया गया। हातोद तहसील के ग्राम कराड़िया निवासी किसान श्री गोपाल सिंह पिता श्री रूपचंद चौधरी को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 1 लाख 68 हजार रुपये मूल्य की बुलेट मोटरसाइकिल तथा मल्हारगंज तहसील के ग्राम नैनोद निवासी किसान श्री शैलेन्द्र पिता श्री गोकुल सिंह को तृतीय पुरस्कार के रूप में 1 लाख 20 हजार रुपये मूल्य की ई-स्कूटी के लिए राशि प्रदान की गई। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने पुरस्कार प्रदान किये।
शहडोल जिले के सोहागपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पोस्ट कठौतिया निवासी उन्नत कृषक श्री ब्रजराज सिंह जोधावत ने। प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है। विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने श्री जोधावत को प्रथम पुरस्कार के रूप में ट्रैक्टर की चाबी प्रदान कर सम्मानित किया। श्री ब्रजराज सिंह जोधावत एक उन्नत कृषक हैं और खेती-किसानी के क्षेत्र में अपनी सक्रियता एवं अनुभव रखते हैं। वे कृषि की आधुनिक तकनीकों, नवीन पद्धतियों और वैज्ञानिक जानकारी के प्रति भी जागरूक है।
देवास जिले में आधुनिक एवं उत्कृष्ट खेती करने वाले प्रगतिशील कृषकों को मंच से विशेष प्रोत्साहन देकर सम्मानित किया गया। प्रथम पुरस्कार के तौर पर ग्राम खरदा, तहसील खातेगांव के कृषक श्री मनोहर पंवार को ट्रैक्टर हेतु ₹6,80,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। द्वितीय पुरस्कार के तौर पर बुलेट हेतु ग्राम तलोद, तहसील सोनकच्छ के कृषक श्री विशाल यशोना को ₹1,72,444 की राशि और प्रमाण पत्र दिया गया। तृतीय पुरस्कार के तौर पर स्कूटी हेतु ग्राम रतनखेड़ी, तहसील टोंकखुर्द के कृषक श्री ओमप्रकाश वैष्णव को ₹1,20,000 की प्रोत्साहन राशि स्वीकृत कर सम्मानित किया गया।
बैतूल में प्रथम पुरस्कार प्राप्त करने वाले किसान कामराज काले को ट्रैक्टर राशि लागत 7 लाख 26 हजार, द्वितीय पुरस्कार प्राप्त करने वाले किसान प्रद्युम्न उईके को बुलेट बाइक लागत 2 लाख 64 हजार तथा तृतीय पुरस्कार प्राप्त करने वाले किसान चेतन चौहान को स्कूटी पुरस्कार लागत 1 लाख 20 हजार प्रदान की गई। प्रथम पुरस्कार के रूप में ट्रैक्टर प्राप्त करने वाले किसान कामराज काले ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं मध्यप्रदेश शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ट्रैक्टर खेती-किसानी के कार्यों में बेहद उपयोगी साबित होगा। उन्होंने इस पहल के लिए वीर भारत न्यास एवं किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग का भी धन्यवाद ज्ञापित किया।
द्वितीय पुरस्कार के रूप में बुलेट बाइक प्राप्त करने वाले किसान प्रद्युम्न उईके ने कहा कि किसानों को प्रोत्साहित करने का यह सराहनीय प्रयास है। तृतीय पुरस्कार विजेता किसान चेतन चौहान ने कहा कि किसानों के लिए यह एक अनोखी पहल।
