नीलेश यादव जिला ब्यूरो
नर्मदापुरम 04,नवम्बर,2026(हिन्द संतरी ) कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने बुधवार को जिले में खरीफ फसल के लिए किसानों को किए जा रहे खाद वितरण की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि किसानों को डीएपी के विकल्प के रूप में एनपीके खाद के उठाव के लिए प्रोत्साहित किया जाए। साथ ही किसानों की आवश्यकता के अनुसार यूरिया का उठाव भी करवाया जाए। कलेक्टर ने कहा कि सहकारी समितियों के माध्यम से भी किसानों को निरंतर खाद की आपूर्ति की जाए, ताकि उन्हें खाद प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
कलेक्टर ने जिला विपणन अधिकारी एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को अपनी-अपनी टीमों को फील्ड में सक्रिय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी खाद वितरण व्यवस्था की निरंतर निगरानी करें और किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप खाद उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।कलेक्टर ने कृषि विभाग को निर्देश दिए कि जिले में नरवाई जलाने से संबंधित आगजनी की घटनाओं की नियमित समीक्षा की जाए। ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए किसानों के साथ संवाद और जागरूकता गतिविधियां बढ़ाई जाएं। साथ ही नरवाई जलाने के मामलों में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार जुर्माना अधिरोपित करने की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में कलेक्टर ने नरवाई प्रबंधन की समीक्षा करते हुए कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों से निरंतर समन्वय स्थापित कर नरवाई जलाने की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को नरवाई प्रबंधन के लिए आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग, फसल चक्र परिवर्तन (क्रॉप रोटेशन), जैविक खेती एवं कृषि विकास से जुड़े अन्य विषयों पर जागरूक किया जाए। इसके लिए ग्राम स्तर पर संगोष्ठी एवं कार्यशालाओं का आयोजन भी किया जाए।
