नई दिल्ली । फाल्गुन माह की कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को महाशिवरात्रि का पर्व मनाया जाता है। यह पावन पर्व भगवान शिव और माता पार्वती को समर्पित माना गया है। माना जाता है इसी पावन तिथि पर भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह हुआ था, इसलिए महाशिवरात्रि को शिव-शक्ति के मिलन का प्रतीक माना जाता है। इस दिन शिवलिंग पर बेलपत्र अर्पित करने से भगवान शिव शीघ्र प्रसन्न होते हैं। यही नहीं साधक के जीवन से कष्ट, रोग, भय भी दूर होते हैं। महाशिवरात्रि पर विशेष रूप से महिलाएं सुख-सौभाग्य और अखंड सुहाग की कामना करते हुए पूजा-अर्चना करती हैं। इस वर्ष महाशिवरात्रि का व्रत 15 फरवरी 2026 को रखा जाएगा। इस तिथि पर कई शुभ योग बने हुए हैं। ऐसे में आइए जानते हैं नौकरी और व्यापार में तरक्की के लिए महाशिवरात्रि पर कौन से उपाय किए जा सकते हैं। व्यापार उन्नति के लिए विशेष उपाय
महाशिवरात्रि पर धतूरे का उपाय करने से व्यापार में तरक्की के योग बनते हैं। इसके लिए महाशिवरात्रि की रात किसी शिव मंदिर में जाकर शिवलिंग पर एक धतूरा अर्पित करें। इसके बाद मंदिर के बाहर कम से कम 30 मिनट तक प्रतीक्षा करें और इस दौरान “श्री शिवाय नमस्तुभ्यं” मंत्र का जाप करते रहें।
व्यापार उन्नति के लिए विशेष उपाय
यदि आपके घर या व्यापार स्थान पर लक्ष्मी का वास नहीं हो रहा है, तो आधे घंटे बाद उस धतूरे को उठाकर लाल कपड़े में बांध लें। इसके बाद उसे अपनी दुकान या व्यवसाय स्थल पर सुरक्षित स्थान पर बांध दें। ऐसा करने से शिव कृपा प्राप्त होती है और व्यापार में लाभ के योग बनने लगते हैं। धतूरा उपाय करने का सही समय
धतूरे का यह उपाय महाशिवरात्रि की रात ठीक 12 बजे करना श्रेष्ठ माना गया है। धतूरे को शिवलिंग पर 12 बजे से 12:30 बजे तक अर्पित रहने दें। इसके बाद उसे लाल कपड़े में बांधकर अपनी दुकान में रखें। आप इसे रात 12:30 बजे से सुबह 4 बजे तक कभी भी बांध सकते हैं। दरअसल, यह उपाय महाशिवरात्रि के अलावा मासिक शिवरात्रि पर भी किया जा सकता है।
निशिता काल और सर्वार्थ सिद्धि योग
इस साल महाशिवरात्रि पर सर्वार्थ सिद्धि योग का विशेष संयोग बन रहा है। यह शक्तिशाली योग 12 घंटे से अधिक समय के लिए रहेगा। सर्वार्थ सिद्धि योग सुबह 7 बजे से लेकर शाम 7:48 बजे तक रहने वाला है। यह अवधि महाकाल की उपासना और शिवलिंग जलाभिषेक के लिए फलदायी रहने वाली है। महाशिवरात्रि पर निशिता काल रात 11:52 बजे से लेकर रात 12:42 बजे तक रहेगा।