नर्मदापुरम 20,मार्च,2026(हिन्द संतरी )मध्यप्रदेश में संचालित कुएं, बावड़ी, तालाब एवं नदियों के संरक्षण और पुनर्जीवन “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जल संरक्षण को लेकर जन जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इसी क्रम में माखननगर के सेक्टर क्रमांक 02 अंतर्गत नवांकुर संस्था एक्सीलेंस आर्यन सेवा समिति द्वारा ग्राम समौन में संगोष्ठी आयोजित कर अभियान का शुभारंभ किया गया। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों को जल संरक्षण के महत्व की जानकारी देते हुए शपथ दिलाई गई। इसी क्रम में सिवनी मालवा क्षेत्र में नवांकुर संस्था दिशा जन कल्याण सेवा समिति कोलगांव द्वारा श्रमदान कर जल संरक्षण का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के दौरान बावड़ी की साफ-सफाई कर अभियान की शुरुआत की गई।
वहीं ग्राम भमेड़ी में नवांकुर संस्था जीवनदायनी समाज सेवा समिति गाजनपुर के नेतृत्व में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित कर जल संचयन के लिए ग्राम वासियों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं सहित ग्रामीणों की सहभागिता रही। अभियान के तहत आगामी 30 जून तक कुएं, बावड़ी, तालाब एवं नदियों के संरक्षण और पुनर्जीवन हेतु विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इसी क्रम में ग्राम पंचायत मांगरोल में तिलबहरी नाले पर बोरी बंधान का कार्य कर वर्षा जल संचयन की दिशा में पहल की गई। अभियान जनभागीदारी के माध्यम से जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए संपूर्ण नर्मदापुरम जिले में सतत रूप से जारी है तथा 30 जून तक चलने वाले इस अभियान में समाज के सभी वर्गों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।
