नीलेश यादव जिला ब्यूरो
नर्मदापुरम् 17 अगस्त 2026 (हिन्द संतरी ) नगर में 22 अगस्त को दोपहर 2 बजे से भक्ति भाव के साथ विशाल नमामि देवि नर्मदे संस्कार कावड़ यात्रा निकाली जाएगी। जिसमें एक कावड़ में नर्मदा का जल होगा तो दूसरी कावड़ में लहलहाता पौधा होगा। नमामि देवि नर्मदे संस्कार कावड़ यात्रा विवेकानंद घाट से दोपहर 2 बजे प्रारंभ होगी और प्राचीन श्री काले महादेव मंदिर पहुंचेगी जहां रूद्राभिषेक किया जाएगा। अभिषेक के बाद सभी साथीगण पौधरोपण करेंगे। इस कावड़ यात्रा में करीब 8 से 10 हजार से अधिक स्वयं सेवक शामिल होंगे। सोमवार को जनपद पंचायत कार्यालय में नमामि देवि नर्मदे संस्कार कावड़ यात्रा की बैठक संपन्न हुई। बैठक में वरिष्ठ समाजसेवी, जनप्रतिनिधिगणों और स्वयं सेवकों द्वारा उक्त निर्णय लिए गए। बैठक में कावड़ यात्रा आयोजकों द्वारा इस संबंध में अनुभव अपने सांझा किए गए।
नपाध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव ने बैठक के दौरान अपने विचार रखते हुए कहा कि हम हमारे वार्ड के साथ ही समूचे नगर के श्रद्धालुगणों को एकत्रित कर उन्हें कावड़ यात्रा में शामिल होने के लिए आग्रह करूंगी। उन्होंने उपस्थित पार्षदगणों से आव्हान किया कि वे अपने अपने वार्ड से नमामि देवि नर्मदे संस्कार कावड़ यात्रा में अधिक से अधिक लोगों को शामिल करें और उन्हें अपने साथ लेकर आएं।
बैठक में जनअभियान परिषद के संभागीय मुख्यालय भोपाल के समन्वयक अमिताभ श्रीवास्तव, नर्मदापुरम संभागीय समन्वयक कौशलेस तिवारी, तैराकी संघ के प्रदेशाध्यक्ष पं. पीयूष शर्मा, एसडीएम देवेंद्र प्रताप सिंह, नपाध्यक्ष नीतू यादव, जनपद पंचायत अध्यक्ष भूपेंद्र चौकसे द्वारा कांवड़ यात्रा के संबंध में अपने अपने विचार रखे गए। बैठक में पार्षदगण, सदस्यगण, स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्तागण उपस्थित रहे। बैठक में भाजपा नेता महेंद्र यादव द्वारा सभी उपस्थितगणों का आभार व्यक्त किया गया।
