बेतुल ब्यूरो
बैतूल 30 मई,2026 (हिन्द संतरी) कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के निर्देशानुसार मत्स्य विभाग एवं तकनीकी सहयोगी संस्था प्रदानकी टीम द्वारा सारनी क्षेत्र का भ्रमण कर व्यावसायिक मत्स्य पालन गतिविधियों की संभावनाओं का निरीक्षण किया गया। इस दौरान टीम ने सतपुड़ा डैम में केज कल्चर आधारित मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लोनिया ग्राम की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा की।
भ्रमण के दौरान जिला प्रबन्धक आजीविका मिशन श्री सतीश पवार द्वारा स्वयं सहायता समूह की दीदियों को केज कल्चर मत्स्य पालन गतिविधियों की जानकारी दी गई तथा इससे होने वाले रोजगार एवं आय संवर्धन के अवसरों के बारे में अवगत कराया गया। चर्चा के दौरान समूह की महिलाओं ने इस गतिविधि में रुचि व्यक्त करते हुए सहभागिता के लिए सहमति प्रदान की।
अधिकारियों ने हितग्राहियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जिले में मत्स्य विकास गतिविधियों को मजबूत बनाने एवं ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने के लिए विभाग द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। केज कल्चर जैसी आधुनिक मत्स्य पालन गतिविधियां स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं आर्थिक सशक्तिकरण का बेहतर माध्यम बन सकती हैं। इस अवसर पर मत्स्य विभाग एवं प्रदान संस्था के प्रतिनिधियों ने हितग्राहियों को तकनीकी मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।
