
नर्मदापुरम 27,जनवरी,2026(हिन्द संतरी) स्वास्थ्य राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने सिविल अस्पताल इटारसी में मंत्री श्री पटेल ने मैटरनिटी वार्ड, सर्जिकल वार्ड तथा ऑपरेशन थिएटर (ओटी) का अवलोकन किया। उन्होंने भर्ती मरीजों से चर्चा कर उपचार व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मरीजों ने अस्पताल प्रबंधन द्वारा दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं पर संतोष व्यक्त किया। दोपहर पश्चात स्वास्थ्य राज्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ जिला अस्पताल नर्मदापुरम का सघन निरीक्षण किया। अस्पताल के ओपीडी कक्ष के पास उपस्थित मरीजों के परिजनों से चर्चा कर उनके अस्पताल आने का कारण जाना तथा समुचित इलाज मिलने पर संतोष व्यक्त किया।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला अस्पताल नर्मदापुरम एवं सिविल अस्पताल इटारसी का निरीक्षण कर वहां प्रदाय की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर मरीजों, परिजनों, चिकित्सकों तथा अस्पताल प्रबंधन से सीधे संवाद किया। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री आर.आर. पांडे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरसिंह गेहलोत, सिविल सर्जन डॉ. सुनीता कामले, आरएमओ डॉ. गजेंद्र यादव, डॉ. शिवेद्र चंदेल सहित अन्य चिकित्सक एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
मंत्री श्री पटेल ने इमरजेंसी वार्ड का भी निरीक्षण किया, जहां ग्राम बुधनी से आए सर्पदंश के मरीज का उपचार उनके समक्ष किया जा रहा था। उन्होंने चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की तत्परता की सराहना करते हुए उपचार व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। फार्मेसी वार्ड में उपलब्ध दवाओं की जानकारी भी उन्होंने उपस्थित फार्मासिस्ट से ली। प्रसूति वार्ड में मंत्री श्री पटेल ने प्रसूताओं के साथ आए परिजनों से बातचीत की। परिजनों ने अस्पताल के स्टाफ के व्यवहार एवं सेवाओं की प्रशंसा की। इस अवसर पर मंत्री ने निर्देश दिए कि मरीजों को उपचार में किसी भी प्रकार की कमी महसूस नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने मेल, फीमेल तथा एनआरसीसी सहित सभी वार्डों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। मंत्री श्री पटेल ने कहा कि निर्माणाधीन नवीन जिला अस्पताल पूर्ण होने के बाद जिलेवासियों को और भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग में रिक्त पदों की पूर्ति हेतु शीघ्र ही भर्ती प्रक्रिया भी प्रारंभ की जाएगी।
