नीलेश यादव जिला ब्यूरो
नर्मदापुरम 05,जुलाई,2026 (हिन्द संतरी ) वनमहोत्सव 2026 के अंतर्गत नर्मदापुरम में रविवार को नर्मदा नदी के तट पर हर्बल पार्क से चौरे घाट तक वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि तथा नर्मदा तट के पारिस्थितिक संतुलन को सुदृढ़ करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया। इस अवसर पर लोकसभा सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया, कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री साई कृष्ण एस. थोटा एवं वनमंडलाधिकारी श्री गौरव शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

वनमहोत्सव के दौरान कुल 600 पौधे रोपे गए। इनमें वट, पीपल, अर्जुन, चिरोल, नीम, आंवला सहित विभिन्न फलदार एवं छायादार प्रजातियों के पौधे शामिल रहे। इन पौधों के माध्यम से नर्मदा तट को अधिक हरित एवं पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध बनाने का प्रयास किया गया। मुख्य अतिथि सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लेने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने कहा कि स्वच्छ एवं संतुलित पर्यावरण के निर्माण में वृक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने वन विभाग, लायंस क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को इस जनहितकारी अभियान के सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए नागरिकों से वृक्षारोपण को जन आंदोलन बनाने की अपील की।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष नर्मदापुरम श्रीमती नीतू यादव, वनमंडलाधिकारी श्री गौरव शर्मा, एसडीओ (वन) रमेश मीणा, एसडीओ (वन) अनिल विश्वकर्मा, रेंज अधिकारी महेंद्र गौर (नर्मदापुरम), अभिषेक शर्मा (इटारसी) सहित वन विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, लायंस क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्य तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
