नीलेश यादव जिला ब्यूरो
नर्मदापुरम 30 मई 2026 (हिन्द संतरी ) भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक दिशा-निर्देशों के तहत आगामी 31 मई 2026 को आयोजित होने वाले प्रधानमंत्री आदरणीय नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात को जिलेभर में किसानों के साथ विशेष रूप से सुनने की व्यापक तैयारी प्रारंभ कर दी गई है। इस संबंध में भाजपा कार्यालय नर्मदापुरम में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें भाजपा जिला अध्यक्ष प्रीति शुक्ला मन की बात कार्यक्रम के प्रभारी एवं जिला कार्यालय मंत्री प्रशांत दीक्षित भाजपा किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष सुरेश पटेल सहित कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
भाजपा जिला अध्यक्ष प्रीति शुक्ला ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव किसानों के सम्मान, समृद्धि एवं आत्मनिर्भरता के लिए प्रतिबद्ध रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के हित में अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। मन की बात किसानों के साथ कार्यक्रम के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव तक पहुंचकर किसानों से जुड़ेंगे और उन्हें सरकार की योजनाओं से लाभान्वित करने का कार्य करेंगे।
बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, संगठनात्मक व्यवस्थाओं एवं किसानों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। मंडल, शक्ति केंद्र एवं बूथ स्तर तक कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से आयोजित करने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई।
100 स्थानों पर किसानों के साथ सुना जाएगा “मन की बात”
भाजपा किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष सुरेश पटेल ने बताया कि संगठन के निर्देशानुसार नर्मदापुरम जिले में लगभग 100 स्थानों का चयन किया गया है, जहां किसानों के साथ सामूहिक रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मन की बात कार्यक्रम सुना जाएगा। इन स्थलों पर विशेष किसान संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिनमें किसानों को केंद्र एवं राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश कृषि प्रधान राज्य है और प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। ऐसे में मन की बात किसानों के साथ कार्यक्रम किसानों तक सरकार की योजनाओं, नवाचारों एवं प्रधानमंत्री के विचारों को पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनेगा।
किसानों से संवाद और योजनाओं की जानकारी पर रहेगा विशेष फोकस
बैठक में यह भी तय किया गया कि कार्यक्रम के दौरान भाजपा के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता किसानों के साथ बैठकर मन की बात सुनेंगे तथा उनसे सीधा संवाद करेंगे। साथ ही किसानों को कृषि आधारित योजनाओं, आधुनिक खेती, तकनीकी नवाचार एवं किसान कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
संगठन स्तर पर तेज हुई तैयारियां
मन की बात कार्यक्रम के प्रभारी एवं जिला कार्यालय मंत्री प्रशांत दीक्षित ने बैठक में कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु विभिन्न जिम्मेदारियां तय करते हुए कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक किसानों को जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मंडल एवं बूथ स्तर पर कार्यक्रम को उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया जाएगा ताकि किसान भाइयों-बहनों की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित हो सके। बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
