नर्मदापुरम 30, मार्च,2026(हिन्द संतरी ) बैराखेड़ी एवं सांवलखेड़ा में किसानों द्वारा नरवाई जलाए जाने की शिकायत को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया ओर त्वरित कार्रवाई हेतु प्रशासनिक टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जिसने स्थिति का जायजा लिया। कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना के निर्देशानुसार इस टीम में उप संचालक कृषि रविकांत सिंह, सहायक संचालक कृषि राजीव यादव, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी सुश्री जयश्री देशमुख एवं कृषि विस्तार अधिकारी सुश्री नेहा नागोले ने गांव पहुंचकर किसानों से सीधे संवाद किया।
अधिकारियों ने किसानों को स्पष्ट रूप से नरवाई नहीं जलाने की समझाइश देते हुए बताया कि इससे पर्यावरण को गंभीर नुकसान होता है तथा गौशालाओं के लिए आवश्यक भूसा भी नष्ट हो जाता है। उन्होंने किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के वैकल्पिक तरीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान नंदनी गौशाला की टीम के साथ भी चर्चा की गई। आसपास के उन किसानों से संवाद कर उन्हें समझाया गया, जो गौशाला के लिए भूसा बनाने में बाधा उत्पन्न कर रहे थे। अधिकारियों के समझाइश के बाद किसानों ने गौशाला हेतु भूसा निर्माण में सहयोग करने पर सहमति व्यक्त की।
