
नर्मदापुरम 18 जनवरी 2026(हिन्द संतरी -नीलेश यादव ) सोहागपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में नर्मदापुरम–पिपरिया–बनखेड़ी फोरलेन मार्ग के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। यह उपलब्धि विधायक सोहागपुर श्री विजयपाल सिंह के अथक प्रयासों का प्रतिफल है। माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा माखननगर आगमन के अवसर पर इस महत्वाकांक्षी फोरलेन परियोजना की सौगात जनता को दी गई। उल्लेखनीय है कि उक्त फोरलेन मार्ग को बजट वर्ष 2023–24 में स्वीकृति तो मिल गई थी, लेकिन SFC (स्टेट फाइनेंस कमेटी) की स्वीकृति लंबित होने के कारण निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो पा रहा था। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक श्री विजयपाल सिंह ने लगातार माननीय मुख्यमंत्री से निवेदन किया और SFC स्वीकृति दिलाकर निविदा आमंत्रित कर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने का आग्रह किया।
माखननगर, सेमरी, सोहागपुर एवं शोभापुर जैसे प्रमुख क्षेत्र इस मार्ग से जुड़े हुए हैं, जहां अत्यधिक यातायात दबाव रहता है। इसे ध्यान में रखते हुए विधायक श्री सिंह ने कई बार व्यक्तिगत रूप से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भेंट कर इस मार्ग के फोरलेन निर्माण की आवश्यकता को प्रमुखता से रखा। साथ ही समय-समय पर पत्राचार के माध्यम से भी SFC स्वीकृति एवं कार्य प्रारंभ करने का अनुरोध किया गया। विधायक श्री विजयपाल सिंह के सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप अब इस फोरलेन परियोजना को हरी झंडी मिल गई है। फोरलेन मार्ग के निर्माण से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि पूरे नर्मदापुरम जिले के विकास को भी नई गति मिलेगी। आमजन को आवागमन में सुविधा, समय की बचत और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर सोहागपुर विधानसभा क्षेत्र के समस्त भाजपा कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने विधायक श्री विजयपाल सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनका धन्यवाद किया है।
