
नर्मदापुरम 08 मार्च 2026 ( हिन्द संतरी ) चंडीगढ़ में आयोजित अखिल भारतीय सिविल सेवा वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में नर्मदापुरम जिला खेल अधिकारी उमा पटेल ने स्वर्ण पदक पर जीतकर मध्य प्रदेश का दबदबा कायम रखा है| भारत के हर प्रदेश से शामिल होने वाले महिला और पुरुष खिलाडियों का चंडीगढ़ में जमघट लगा हुआ था |ऑल इंडिया सिविल सर्विसेस वेटलिफ्टिंग एंड पावरलिफ्टिंग टूर्नामेंट 2025-26 में मध्यप्रदेश ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया है। प्रतियोगिता की 63 किलोग्राम वर्ग की स्पर्धा में मध्यप्रदेश की ओर से खेलते हुए नर्मदापुरम की जिला खेल अधिकारी उमा पटेल ने शानदार प्रदर्शन कर पहला स्थान प्राप्त किया और गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
प्रतियोगिता में उमा पटेल ने कुल 93 किलोग्राम वजन उठाकर यह उपलब्धि हासिल की। कड़े मुकाबले में उन्होंने पंजाब की खिलाड़ी अनिता को पछाड़ते हुए स्वर्ण पदक जीता, जिन्हें रजत पदक प्राप्त हुआ। वहीं महाराष्ट्र की सोनाली को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
उल्लेखनीय है कि चंडीगढ़ में आयोजित यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता 5 से 10 मार्च 2026 तक आयोजित की जा रही है। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में देशभर से विभिन्न राज्यों के महिला एवं पुरुष खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। मध्यप्रदेश की टीम भी इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर रही है। जिला खेल अधिकारी उमा पटेल की इस उपलब्धि से न केवल नर्मदापुरम जिले बल्कि पूरे मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ा है।
