नीलेश यादव जिला ब्यूरो
नर्मदपुरम 28 जून 2026 (हिन्द संतरी ) प्राचीन जगदीश मंदिर में मिली ऐतिहासिक धरोहरें की भरमार है, कहा जाता है यह मंदिर 800 साल पुराना है , जब इस मंदिर नें जिला प्रशासन की टीम पहुंची तो उसने 100 वर्ष पुरानी हस्तलिखित पुस्तक, ब्रिटिशकालीन दस्तावेज एवं प्राचीन शिलालेखों की जानकारी डिजिटाइज कर अपलोड कने का काम किया। कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देश अनुसार ज्ञान भारतम् मिशन के अंतर्गत डिप्टी कलेक्टर डॉ बबीता राठौर एवं जिला प्रशासन की टीम ने शनिवार को नर्मदापुरम स्थित प्राचीन श्री जगदीश मंदिर का सर्वेक्षण किया। इस दौरान मंदिर परिसर से पुरातन हस्तलिखित पुस्तक, ब्रिटिशकालीन दस्तावेज सहित अन्य ऐतिहासिक अभिलेख प्राप्त हुए। ये दुर्लभ धरोहरें नर्मदापुरम जिले की समृद्ध ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रमाण हैं।

सर्वेक्षण के दौरान मंदिर के महंत श्री श्री 108 नारायणदास महाराज ने मंदिर में संरक्षित पुरातन अभिलेखों, हस्तलिखित कृतियों एवं अन्य ऐतिहासिक दस्तावेजों का अवलोकन कराया। इस दौरान मंदिर के संस्थापक श्री श्री 108 महंत रिधिरामदास जी महाराज का चित्र भी प्राप्त हुआ, जो मंदिर के ऐतिहासिक महत्व को और अधिक प्रमाणिक बनाता है। टीम को कल्प करने की विधि से संबंधित लगभग 100 वर्ष पुरानी हस्तलिखित पुस्तक, सन 1864 का ब्रिटिश शासनकालीन संपत्ति अधिकार संबंधी दस्तावेज प्राप्त हुए। मंदिर में लगे हुए शिलालेख में उल्लेख प्राप्त हुआ की मंदिर का इतिहास 750 वर्षो से अधिक पुराना है। इन सभी अभिलेखों का ज्ञान भारतम् मिशन के अंतर्गत डिजिटलीकरण किया जाएगा, ताकि इन्हें सुरक्षित संरक्षित कर भावी पीढ़ियों तक पहुंचाया जा सके।
उल्लेखनीय है कि ज्ञान भारतम् मिशन के तहत भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा, पांडुलिपियों, शिलालेखों एवं ऐतिहासिक दस्तावेजों का सर्वेक्षण एवं डिजिटलीकरण किया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से देशभर में मठों, मंदिरों, संस्थानों एवं परिवारों में सुरक्षित प्राचीन ज्ञान-संपदा का संकलन कर उसे डिजिटल स्वरूप में संरक्षित किया जा रहा है। शताब्दियों से भारतीय ज्ञान परंपरा पांडुलिपियों के माध्यम से एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक समृद्ध रूप में पहुंचती रही है। देश की इस अमूल्य धरोहर के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से संचालित ज्ञान भारतम् राष्ट्रीय पांडुलिपि सर्वेक्षण अभियान भारत की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। नर्मदापुरम जिले में प्राप्त हो रही ऐतिहासिक धरोहरें इस मिशन को नई ऐतिहासिक महत्ता प्रदान कर रही हैं, जिन्हें ज्ञान भारतम् एप के माध्यम से डिजिटाइज कर सुरक्षित संरक्षित किया जा रहा है।
