धनराज यादव नगर प्रतिनिधि
नर्मदापुरम 30,अक्टूबर,2026(हिन्द संतरी ) संसद भवन परिसर में गुरुवार को महान स्वतंत्रता सेनानी, आजाद हिंद फौज (INA) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और नेताजी सुभाष चंद्र बोस के करीबी सहयोगी पसुम्पोन उक्किरापंडी मुथुरामलिंगा थेवर जी की प्रतिमा पर मध्यप्रदेश से राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
‘दिल्ली थेवर संगम’ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में मुथुरामलिंगा थेवर जी का अतुलनीय योगदान और समर्पण हम सभी के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा।
कार्यक्रम में आमंत्रित किए जाने पर सांसद श्रीमती नारोलिया ने ‘दिल्ली थेवर संगम’ परिवार का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
इस दौरान श्री अंगप्पन, श्री श्रीनिवास थेवर, श्री मुथुरामलिंगा थेवर, श्री रामचंद्र थेवर, श्री अंगापन थेवर, शक्तिवेल, श्री वेणुगोपालन, शशिकुमार (मदुरै) सहित ‘दिल्ली थेवर संगम’ दूरसंचार सलाहकार समिति TAC सदस्य श्री विकास नारोलिया सहित परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर इस महान जननेता को श्रद्धांजलि दी।
