धनराज यादव नगर प्रतिनिधि
नर्मदापुरम 30,अक्टूबर,2026 (हिन्द संतरी ) मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप विधानसभा क्षेत्र नर्मदापुरम के चयनित वृंदावन ग्राम रायपुर में 29 से 31 अक्टूबर 2026 तक गोपाल कृष्ण ग्राम प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर श्री आशीष वशिष्ठ के नेतृत्व एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु जैन के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता में क्षेत्र के पशुपालक अपनी गायों के साथ उत्साहपूर्वक सहभागिता कर रहे हैं।
प्रतियोगिता के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 30 अक्टूबर को प्रातः समिति के समक्ष पारदर्शी प्रक्रिया के तहत गायों का दुग्ध दोहन कराया गया तथा इलेक्ट्रॉनिक मशीन से दूध का वजन किया गया। प्रतियोगिता के नियमों के अनुसार प्रत्येक गाय के तीन समय के दुग्ध उत्पादन का औसत निकालकर अंतिम परिणाम निर्धारित किया जाएगा।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादन करने वाले पशुपालकों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रथम पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। गोपाल कृष्ण ग्राम प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में उन्नत भारतीय नस्ल के पशुपालन को प्रोत्साहित करना, दुग्ध उत्पादन में वृद्धि करना तथा पशुपालकों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करना है। इस पहल के माध्यम से पशुपालकों को बेहतर पशुपालन के लिए प्रोत्साहित करने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रतियोगिता के दौरान पशुपालन एवं डेयरी विभाग नर्मदापुरम के संचालक डॉ. विनोद कुमार पटेल, ग्राम नोडल अधिकारी डॉ. अरविंद गुप्ता, विकासखंड पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार शर्मा, सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी आलोक कुलश्रेष्ठ, एस.पी. साहू, सी.एम. बड़ोदिया, चंद्र प्रकाश कुरेले, जितेंद्र कुमरे, राजेश बडकुर, शुभम सराठे, गौ सेवक श्री हर्ष साहू, प्रदीप यादव एवं सहायक श्री राजकुमार उपस्थित रहे।
