धनराज यादव जिला प्रतिनिधि
नर्मदापुरम 05,नवम्बर,2026(हिन्द संतरी ) मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देश पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तृप्ति शर्मा की उपस्थिति में 5 नवंबर को जिला न्यायालय में सुरक्षित बचपन अभियान के तहत दिव्यांग बच्चों द्वारा प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में भविष्य दिव्यांग संस्था के बच्चों द्वारा स्वयं तैयार दीपावली सजावटी सामग्री, दीपक, मोमबत्ती, रंगोली और हस्तनिर्मित वस्तुएं प्रदर्शित की गईं। न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं और पक्षकारों ने 7000 रुपये की सामग्री खरीदी और बच्चों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर जिला न्यायाधीश/सचिव दीपक चौधरी, भविष्य दिव्यांग संस्था अध्यक्ष योगेश शर्मा, जिला विधिक सहायता अधिकारी अभय सिंह उपस्थित रहे।
इसी क्रम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डोलरिया में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। जिला न्यायाधीश दीपक चौधरी, तहसीलदार रुचि गोयल, जिला विधिक सहायता अधिकारी अभय सिंह, थाना प्रभारी प्रवीण चौहान ने बच्चों को बाल अधिकार, बाल श्रम, बाल विवाह, शोषण, गुड टच-बैड टच और साइबर क्राइम के बारे में जागरूक किया। बच्चों को हेल्पलाइन 1098 और नालसा टोल फ्री नंबर 15100 की जानकारी दी गई।
