धनराज यादव जिला प्रतिनिधि
नर्मदापुरम 05,नवम्बर,2026(हिन्द संतरी ) कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने गुरुवार को नर्मदापुरम जिला मुख्यालय स्थित निर्माणाधीन जिला अस्पताल परिसर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल भवन के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, विभिन्न कक्षों में उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं एवं अन्य निर्माण कार्यों का विस्तृत जायजा लिया। कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी के अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने तथा अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं के सुचारू संचालन के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक में एम्बुलेंस के सुगम प्रवेश एवं निकास की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ईसीजी कक्ष का निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्य कराने को कहा। साथ ही, जिन कक्षों में अभी तक केंद्रीकृत वातानुकूलन व्यवस्था क्रियाशील नहीं हुई है, वहां सेंट्रलाइज्ड एयर कंडीशनिंग की सुविधा शुरू करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अस्पताल की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए स्मोक डिटेक्टर के माध्यम से फायर टेस्टिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पंजीयन कक्ष में खिड़की की व्यवस्था करने तथा एक्स-रे कक्ष का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का परीक्षण किया। सीटी स्कैन मशीन के लिए अलग से निर्धारित विद्युत स्विच उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने लिफ्ट का वारंटी अवधि के दौरान नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने, एचडीयू वार्ड की खिड़कियों में रबर की उचित फिटिंग कराने तथा रैम्प पर फिक्स्ड ग्लास के स्थान पर स्लाइडिंग विंडो लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल परिसर में आपातकालीन निकास द्वार (इमरजेंसी एग्जिट) के लिए स्पष्ट चिन्ह अस्पताल परिहार में स्थापित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि अस्पताल भवन में मरीजों एवं उनके परिजनों की सुविधा, सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सभी निर्माण एवं सुधार कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री हिमांशु जैन, सीएमएचओ डॉ. नरसिंह गेहलोत, सिविल सर्जन डॉक्टर सुनीता कांबले, आरएमओ गजेंद्र यादव सहित निर्माण एजेंसी के सदस्य एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
