नीलेश यादव जिला ब्यूरो
नर्मदापुरम 04,नवम्बर,2026 (हिन्द संतरी) कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में संचालित प्रमुख रेलवे परियोजनाओं के लिए किए जाने वाले भू-अर्जन कार्यों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। उन्होंने संबंधित राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेलवे परियोजनाओं से जुड़े सभी भू-अर्जन प्रकरणों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने संबंधित एसडीएम को निर्देशित किया कि रेलवे परियोजनाओं के लिए भू-अर्जन की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो। सभी प्रकरणों का नियमानुसार परीक्षण कर समय-सीमा का विशेष ध्यान रखें तथा संबंधित रेलवे अधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखते हुए कार्यवाही पूर्ण करें। कलेक्टर ने कहा कि रेलवे परियोजनाएं राष्ट्रीय महत्व एवं जनकल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य हैं। इनके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी की गुंजाइश नहीं है। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परियोजनाओं के लिए आवश्यक भू-अर्जन संबंधी कार्यवाहियां समय पर पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
उन्होंने बैठक में उपस्थित एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रेलवे अधिकारियों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन द्वारा सभी रेलवे परियोजनाओं के लिए आवश्यक भू-अर्जन की कार्यवाही प्राथमिकता से सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में अपर कलेक्टर राजेश शुक्ला, संयुक्त कलेक्टर नितिन टाले सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
