धनराज यादव जिला प्रतिनिधि
नर्मदापुरम 04,नवम्बर,2026(हिन्द संतरी ) कलेक्टर नर्मदापुरम आशीष वशिष्ठ के निर्देश पर रबी सीजन में किसानों को खाद की सुचारू उपलब्धता के लिए मार्कफेड द्वारा धरमकुंडी स्थित डबल लॉक केंद्र का संचालन शुरू कर खाद वितरण प्रारंभ किया गया। इस अवसर पर विधायक सिवनी मालवा, एसडीएम श्री विजय राय सहित जनप्रतिनिधि और किसान प्रतिनिधि उपस्थित रहे। एसडीएम श्री विजय राय ने खाद वितरण व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से खाद वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें परेशानी न हो।
जिला विपणन अधिकारी और उपसंचालक कृषि ने कहा कि खाद उपलब्धता और वितरण पर लगातार निगरानी रखी जाए। किसानों को ई-टोकन के माध्यम से उनकी आवश्यकता अनुसार खाद उपलब्ध कराने के लिए विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। जनप्रतिनिधियों और किसान प्रतिनिधियों ने भी निरंतर निगरानी की आवश्यकता पर बल दिया। प्रशासन द्वारा किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए खाद वितरण व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
