धनराज यादव नगर प्रतिनिधि
नर्मदापुरम 29,अक्टूबर,2026(हिन्द संतरी ) प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी कार्तिक मास की पूर्णिमा के अवसर पर 22 नवंबर से 26 नवंबर तक तवा और नर्मदा नदी के संगम पर बांद्राभान का मेला आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर श्री आशीष वशिष्ठ ने गुरुवार को कलेक्टोरेट में मेले की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की।
कलेक्टर ने कहा कि मेले में वाहनों एवं ट्रैफिक के बेहतर प्रबंधन के लिए ट्रैफिक एवं परिवहन विभाग कार्ययोजना तैयार करें। मेले के पास वाहनों की पार्किंग के लिए मार्किंग की जाए। उन्होंने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी नर्मदापुरम को निर्देश दिए कि बांद्राभान मेले के लिए बस, मिनी बस, ऑटो सहित अन्य वाहनों के यात्री किराएं का शीघ्र निर्धारण करें। साथ ही उन्होंने ईई पीएचई नर्मदापुरम को मेला स्थल पर शुद्ध पेयजल व्यवस्था किये जाने के निर्देश दिए। साथ ही पानी की शुद्धता की जांच एवं क्लोरिनेशन करने के भी निर्देश दिए। मेला स्थल पर चलित शौचालय की व्यवस्था किए जाने के निर्देश भी बैठक के दौरान दिए गए। मेले के दौरान निकलने वाले कचरे के उचित निष्पादन के लिए कचरा वाहन के सतत संचालन के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि मेला स्थल पर महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था भी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मेला स्थल पर नियमित साफ सफाई की जाए। साफ सफाई के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाएं ओर मेला स्थल पर व्यवस्थित मार्किंग कर बैरीग्रेडिंग किए जाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेला स्थल पर आने जाने वाले मार्ग पर आवश्यक मरम्मत एवं झाड़ियां को हटाने की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण कराएं। कलेक्टर ने कहा कि बांद्राभान तक सभी पहुंच मार्ग की मरम्मत कर सुचारू बनाया जाए।
उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को मेला स्थल पर चिकित्सकों की राउंडवार ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। ताकि 24 घंटे मेले में चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध रहे। उन्होंने एमपीईबी को निर्देशित किया कि मेला अवधि के दौरान विद्युत का अस्थाई कनेक्शन दिया जाए। सभी कनेक्शन के सुरक्षा चैक आवश्यक रूप से सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने ये निर्देश भी दिए कि मेले में आने वाले झूलों का भी पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा सुरक्षा जांच की जाए। बताया गया कि मेला अवधि के दौरान तवा बांध से पानी नहीं छोड़ा जाएगा। कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने आवश्यक टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बैठक में जनपद पंचायत नर्मदापुरम अध्यक्ष भूपेंद्र चौकसे, जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन, अपर कलेक्टर राजेश शुक्ला, एडिशनल एसपी अभिषेक राजन सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहें।
