नीलेश यादव जिला ब्यूरो
नर्मदापुरम 24,सितम्बर,2026(हिन्द संतरी ) सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनजाति कार्य विभाग द्वारा विकासखंड केसला में आदिवासी ग्रामीणों के साथ ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में सहायक आयुक्त, जनजाति कार्य विभाग नर्मदापुरम श्री विवेक नागवंशी ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं एवं शासकीय योजनाओं से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
ग्राम चौपाल के दौरान वन अधिकार अधिनियम, 2006 के अंतर्गत व्यक्तिगत वन अधिकार तथा सामुदायिक वन संसाधन अधिकार से संबंधित प्रावधानों की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। अधिकारियों ने जमीनी स्तर पर वन अधिकारों से जुड़े मामलों में आने वाली समस्याओं को समझा तथा उनके निराकरण के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की।
इस दौरान जनजाति कार्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई। अधिकारियों ने योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता एवं मिलने वाले लाभों के बारे में जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
चौपाल में विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री हर्षित कौरव, अधीक्षक एवं विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। सामाजिक कार्यकर्ता श्री फागराम ने भी ग्रामीणों की समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा तथा ग्रामीणों की ओर से आवश्यक सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से कहा कि शासकीय योजनाओं एवं अधिकारों का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए विभागीय स्तर पर आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन दिया जाएगा।
