धनराज यादव नगरप्रतिनिधि
नर्मदापुरम 31,अक्टूबर,2026(हिन्द संतरी ) कलेक्टर श्री आशीष वशिष्ठ ने खरीफ वर्ष 2026 अंतर्गत धान उपार्जन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिला स्तरीय उपार्जन सेल की बैठक ली। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को उपार्जन कार्य सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने जिला खाद्य अधिकारी से अब तक हुए किसान पंजीयन एवं सत्यापन की विकासखंडवार जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि धान उपार्जन प्रारंभ होने से पूर्व उपार्जन के लिए पंजीकृत सभी किसानों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सत्यापित रकबे का सैटेलाइट इमेज एवं भौतिक सत्यापन से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर पुनः मिलान कर री-वेरिफिकेशन किया जाए।
कलेक्टर ने उपसंचालक कृषि एवं एसएलआर को निर्देशित किया कि जिले में धान की उत्पादकता के अनुसार सर्वे कर आपसी समन्वय से रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि उपार्जन के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता का समय रहते आकलन एवं प्रबंधन किया जा सके।
उन्होंने कहा कि उपार्जन केंद्रों की मार्किंग एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी संकलित कर उपलब्ध कराई जाए, जिससे उपार्जन नीति प्राप्त होने के पश्चात तत्काल कार्य प्रारंभ किया जा सके। उपार्जन केंद्रों के निर्धारण के लिए सभी विकासखंडों में भौतिक सत्यापन कर वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त की जाए।
कलेक्टर ने उपार्जन कार्य प्रारंभ होने से पूर्व समिति प्रबंधकों एवं ऑपरेटरों का अनिवार्य रूप से प्रशिक्षण आयोजित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नापतौल विभाग को सभी तौल कांटों की जांच एवं कैलिब्रेशन सुनिश्चित करने के लिए कहा। साथ ही प्रत्येक उपार्जन केंद्र पर पर्याप्त संख्या में तौल कांटे, हम्माल, बारदाने एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि संसाधनों की कमी के कारण उपार्जन कार्य प्रभावित न हो।
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में उपार्जन कार्य प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कराएं। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए धान उपार्जन का सफल एवं व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करें।
