नीलेश यादव जिला ब्यूरो
नर्मदापुरम 10 अगस्त 2026 (हिन्द संतरी ) श्रावण मास के पावन अवसर पर सोमवार को नर्मदापुरम शिवभक्ति से सराबोर नजर आया, महाकाल मित्र मंडल के तत्वावधान में विवेकानंद घाट से काले महादेव मंदिर तक भव्य कावड़ यात्रा निकाली गई। हजारों शिवभक्तों ने कंधों पर कावड़ उठाकर मां नर्मदा का पवित्र जल लेकर भगवान भोलेनाथ के जयकारों के साथ पदयात्रा की। पूरे यात्रा मार्ग में “हर-हर महादेव”, “बम-बम भोले” और “जय श्री महाकाल” के जयघोष गूंजते रहे। यात्रा का शुभारंभ विवेकानंद घाट से हुआ, जहां श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से मां नर्मदा का पूजन कर कावड़ में पवित्र जल भरा। इसके बाद भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ों और शिवभक्ति के बीच कावड़ यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए काले महादेव मंदिर पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा, मातृशक्ति और धर्मप्रेमी शामिल हुए। कावड़ यात्रा का नगर के प्रमुख मार्गों पर पत्रकारों, व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों ने पुष्पवर्षा और स्वागत कर श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया। जगह-जगह हुए स्वागत से यात्रा का माहौल और भी भक्तिमय हो गया।

काले महादेव मंदिर पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा के पवित्र जल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। इसके साथ ही विधि-विधान से महा रुद्राभिषेक संपन्न हुआ। भगवान शिव की आराधना और मंत्रोच्चार से मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया। महाआरती के बाद श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद का वितरण किया गया। आयोजन समिति के सदस्य राजेंद्र धाकड़ ने बताया कि यह कावड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता, सेवा और एकता का संदेश देने वाला आयोजन है। लगातार आयोजित हो रही इस यात्रा में हर वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। इस बार भी जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शिवभक्त यात्रा में शामिल हुए।

यात्रा संयोजक सागर संतोरे एवं दिलीप मांझी ने कहा कि कावड़ यात्रा का उद्देश्य भगवान शिव की आराधना के साथ समाज में एकता, सद्भाव और धार्मिक चेतना को बढ़ावा देना है। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ यात्रा में सहभागिता की और भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।शांतिपूर्ण एवं भक्तिमय वातावरण में कावड़ यात्रा का सफल समापन हुआ। सावन के इस पावन अवसर पर नर्मदापुरम में निकली भव्य कावड़ यात्रा ने शहर को शिवमय कर दिया।
