धनराज यादव नगर प्रतिनिधि
नर्मदापुरम 02,नवंबर,2026(हिन्द संतरी ) कलेक्टर श्री आशीष वशिष्ठ ने सोमवार को खनिज विभाग की समीक्षा बैठक लेकर विभागीय गतिविधियों एवं कार्यों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने शासन द्वारा निर्धारित राजस्व वसूली के लक्ष्य के अनुरूप कार्य करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए।कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने कहा कि खनिज विभाग विभागीय कार्यवाहियों के माध्यम से राजस्व वसूली में वृद्धि सुनिश्चित करे। इसके लिए मासिक लक्ष्य निर्धारित कर कार्ययोजना तैयार की जाए तथा नियमित रूप से लक्ष्य के विरुद्ध प्राप्त वसूली की समीक्षा की जाए। कलेक्टर ने निर्देश दिए की पूर्व में लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करते हुए संबंधितों से वसूली की कार्यवाही शीघ्र ही पूरी की जाए।
उन्होंने जिले में अवैध उत्खनन एवं खनन गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि अवैध उत्खनन में संलिप्त वाहनों को तत्काल जब्त किया जाए। संबंधित प्रकरणों में आरआरसी जारी कर नियमानुसार जुर्माने की वसूली भी सुनिश्चित की जाए। अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए पेनल्टी भी अधिरोपित की जाए, ताकि इस प्रकार की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
कलेक्टर ने खनिज परिवहन में पारदर्शिता एवं निगरानी व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए खनिज परिवहन करने वाले वाहनों में आरएफ टैग लगाने की प्रक्रिया का शासन के निर्देशानुसार शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन वाहनों में आरएफ टैग नहीं लगे हैं, उनके विरुद्ध विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई की जाए।बैठक के दौरान जिला खनिज अधिकारी श्री देवेश मरकाम सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
