नीलेश यादव जिला ब्यूरो
नर्मदापुरम 29,अक्टूबर,2026(हिन्द संतरी ) भारत सरकार के प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग (DARP) और आरसीवीपी नरोन्हा अकादमी भोपाल के सहयोग से सेवोत्तम प्रकोष्ठ के अंतर्गत नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से कलेक्टर के निर्देश पर एक दिवसीय जिला स्तरीय सेवोत्तम प्रशिक्षण का आयोजन 29 अक्टूबर 2026 को जनसुनवाई कक्ष, कलेक्टर कार्यालय में किया गया।
प्रशिक्षण में जिला प्रबंधक लोक सेवा आनंद झेरवार ने सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के त्वरित निराकरण, लोक सेवा गारंटी अधिनियम 2010, समाधान एक दिवस सेवाओं और CPGRAM शिकायत निवारण के संबंध में प्रशिक्षण दिया। सीएम हेल्पलाइन पोर्टल, ग्रेडिंग पैरामीटर और शिकायतों के निराकरण की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही लोक सेवा गारंटी अधिनियम की विशेषताएं, लोक सेवा केंद्रों की कार्यप्रणाली और समाधान एक दिवस की रूपरेखा पर भी प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिविल सर्जन, जिला परियोजना समन्वयक, जिला शिक्षा केंद्र, जिला पेंशन अधिकारी, सभी विकासखंड चिकित्सा अधिकारी, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, विकासखंड स्रोत समन्वयक और जिले के समस्त नोडल बैंक शाखाओं के प्रबंधक सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
