धनराज यादव जिला प्रतिनिधि
नर्मदापुरम 03,नवंबर,2026 (हिन्द संतरी )जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, विक्रय एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार सघन गश्त एवं दबिश की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आबकारी विभाग ने औद्योगिक क्षेत्र इटारसी एवं इटारसी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 11 प्रकरण दर्ज किए तथा 3200 किलोग्राम महुआ लाहन और 40 लीटर कच्ची हाथभट्टी मदिरा जब्त की। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 3 लाख 28 हजार रुपये आंकी गई है।
आबकारी विभाग द्वारा वृत्त औद्योगिक क्षेत्र इटारसी के अंतर्गत ग्राम पंडारी, कांडईकला, महोनाडोब, जमईकला एवं फंटूखेड़ी के जंगलों में सघन गश्त एवं दबिश दी गई। इस दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) के तहत 4 प्रकरण कायम किए गए। कार्रवाई में लगभग 1700 किलोग्राम महुआ लाहन एवं 20 लीटर कच्ची हाथभट्टी मदिरा जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 74 हजार रुपये आंकी गई है।
इसी प्रकार वृत्त इटारसी शहर के अंतर्गत सूरजगंज, नाला मोहल्ला, बालाजी मंदिर मेहरगांव एवं ग्वालबाबा इटारसी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 7 प्रकरण दर्ज किए गए। इन प्रकरणों में लगभग 1500 किलोग्राम महुआ लाहन एवं 20 लीटर कच्ची मदिरा जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 54 हजार रुपये है।
जिला आबकारी अधिकारी श्री राजीव द्विवेदी ने बताया कि जिले में अवैध मदिरा के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। विभागीय अमले द्वारा रात्रिकालीन गश्त एवं वाहन जांच अभियान भी चलाया जा रहा है। इसके तहत राष्ट्रीय एवं अन्य राजमार्गों से गुजरने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है।
कलेक्टर द्वारा आबकारी विभाग के सभी वृत्त अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से वाहन जांच करने, अवैध मदिरा का परिवहन करने वाले वाहनों को पकड़कर नियमानुसार प्रकरण दर्ज करने तथा विभागीय अमले को लगातार गश्त करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय एवं परिवहन से संबंधित सूचनाएं एकत्रित कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए भी निर्देशित किया गया है।
