धनराज यादव नगर प्रतिनिधि
नर्मदापुरम 01 नवंबर 2026(हिन्द संतरी ) राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुखतवा, माखननगर, पिपरिया, निमसाड़िया, बनखेड़ी एवं सिवनी मालवा में ‘तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में चिकित्सा अधिकारियों, स्वास्थ्य कर्मचारियों एवं आमजन को तंबाकू तथा अन्य नशीले पदार्थों का सेवन नहीं करने और अपने परिवार एवं समाज को भी इससे दूर रखने की शपथ दिलाई गई। जिला नोडल अधिकारी डॉ. रजनी कुशवाह ने तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर दुष्प्रभावों, विशेषकर मुख कैंसर, दांत एवं मसूड़ों की बीमारियों तथा हृदय रोगों की जानकारी देते हुए युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जागरूकता रैलियां भी निकाली गईं, जिनमें स्वास्थ्यकर्मियों एवं आमजन ने सहभागिता कर तंबाकू मुक्त समाज का संदेश दिया। कार्यक्रम में बीपीएम, बीईई, सुपरवाइजर, एएनएम, सीएचओ, आशा कार्यकर्ता, नर्सिंग एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में सभी ने अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
