नीलेश यादव जिला ब्यूरो
नर्मदापुरम 04,नवम्बर,2026(हिन्द संतरी ) दीपावली पर्व के दृष्टिगत जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन एवं खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों, डेयरियों तथा मिठाई विनिर्माण केंद्रों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में नर्मदापुरम एवं बनखेड़ी में अलग-अलग दलों द्वारा कार्रवाई करते हुए विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्रित किए गए तथा अनियमितताएं पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की गई। नर्मदापुरम में खाद्य सुरक्षा विभाग के दल ने ग्वालटोली स्थित यादव डेयरी एंड स्वीट से मलाई बर्फी एवं भैंस के दूध के नमूने लिए। अमर चौक स्थित महेश स्वीट्स एंड डेयरी के कारखाने से मावा एवं मावा बर्फी तथा अमर चौक स्थित घंटी वाला डेयरी से पिस्ता बर्फी, बेसन लड्डू, सेव नमकीन एवं खोपरा बर्फी सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्रित किए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।

निरीक्षण के दौरान यादव डेयरी एंड स्वीट में खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन एवं अस्वच्छता पाए जाने पर मौके पर ही खाद्य पंजीयन निलंबित कर दिया गया। साथ ही 15 लीटर कड़ाई का सोयाबीन तेल एवं 3 किलो संदिग्ध केसर बर्फी नष्ट कराई गई। महेश स्वीट्स के कारखाने में 6 किलो संदिग्ध बूंदी लड्डू एवं मावा बर्फी तथा घंटी वाला डेयरी में 5 किलो संदिग्ध पिस्ता बर्फी भी मौके पर नष्ट कराई गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री भोजराज सिंह धाकड़ ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर संचालकों को परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों एवं नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में जिला प्रशासन एवं खाद्य सुरक्षा प्रशासन के एक अन्य दल द्वारा तहसीलदार श्रीमती अंजू लोधी के नेतृत्व में बनखेड़ी की मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री जितेंद्र सिंह राणा द्वारा बीकानेर मिष्ठान भंडार से बेसन लड्डू, श्याम स्वीट्स से गुलाब जामुन, कलाकंद एवं मगज लड्डू तथा अग्रवाल स्वीट्स से मिठाई के नमूने एकत्रित किए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। खाद्य पदार्थों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। जिला प्रशासन एवं खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा जिले में मावा, मिठाई एवं अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच नियमित रूप से जारी रहेगी।
