नीलेश यादव जिला ब्यूरो
नर्मदापुरम 13,अगस्त,2026 भारत की आन, बान और शान के प्रतीक तिरंगे के सम्मान में गुरुवार, 13 अगस्त को ग्राम मिसरोद में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंजा मिसरोद
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ प्रातः 9:30 बजे भंडारी विवाह परिसर, मिसरोद से हुआ। हाथों में तिरंगा लेकर नागरिक यात्रा में शामिल हुए। यात्रा मिसरोद के प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः भंडारी विवाह परिसर पर समाप्त हुई। पूरे मार्ग में “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिंद, जय भारत” के जयघोष से वातावरण राष्ट्रभक्ति से गूंजता रहा।
यह आयोजन मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, नर्मदापुरम द्वारा चयनित नवांकुर संस्था वीणा पाणि संगीत एवं सामाजिक संस्था, ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों एवं ग्राम पंचायतों के सहयोग से किया गया।

तिरंगा राष्ट्र की एकता और गौरव का प्रतीक : पद्मश्री मोहन नागर
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पद्मश्री मोहन नागर, उपाध्यक्ष, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद ने कहा कि तिरंगा केवल तीन रंगों का ध्वज नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति, त्याग, शौर्य और एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “तिरंगे का सम्मान केवल हाथ में ध्वज थामने से नहीं, बल्कि राष्ट्र और प्रकृति की रक्षा से होता है। जिस धरती ने हमें जन्म दिया, जिस मिट्टी ने अन्न दिया, उसकी रक्षा करना भी राष्ट्रधर्म है।”पद्मश्री नागर ने प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पौधा लगाना औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। युवाओं से उन्होंने राष्ट्रध्वज की गरिमा, स्वच्छता, जल संवर्धन और सामाजिक सेवा को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

कार्यक्रम में उपस्थित जनसमुदाय ने राष्ट्र की एकता-अखंडता, तिरंगे के सम्मान और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। यात्रा के माध्यम से जल, जंगल, जमीन और प्रकृति के संरक्षण का संदेश भी दिया गया। तिरंगा यात्रा में श्रीमती प्रीति शुक्ला, श्री भूपेंद्र चौकसेजनपद पंचायत अध्यक्ष; श्री राजेश गौर, श्री मदन मोहन गुबरेलेजनपद सदस्य; श्री दीपेंद्र राजपूत, श्री कौशलेश प्रताप तिवारीसंभाग समन्वयक; श्रीमती कोकिला चतुर्वेदीजिला समन्वयक सहित अनेक जनप्रतिनिधि शामिल हुए।वीणा पाणि संस्था के अध्यक्ष श्री आनंद कुमार नामदेव, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के सदस्य मनोज गौर, मुकेश भाई, हरिओम गौर, प्रवीण गौर, ओम प्रकाश गौर, श्रवण निमोदा, रामभरोसे कीर, राजेश गौर एवं नवांकुर सखियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
