नीलेश यादव जिला ब्यूरो
नर्मदापुरम 15,मई,2026 (हिन्द संतरी ) सिवनी मालवा स्थित अमोल गैस एलपीजी गोदाम का निरीक्षण एसडीएम के द्वारा किये जाने पर गोदाम में उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्थाओं, एलपीजी स्टॉक, गैस बुकिंग एवं बुकिंग के विरुद्ध उपभोक्ताओं को की जा रही गैस सप्लाई व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया गया। निरीक्षण में पाया गया कि गोदाम में आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा है। वर्तमान में गोदाम में लगभग 700 गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं तथा क्षेत्र में गैस आपूर्ति की स्थिति सामान्य बनी हुई है। अधिकारियों द्वारा गैस वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। साथ ही यह सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए कि गैस वितरण कार्य सुचारू एवं पारदर्शी तरीके से संचालित हो।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाने की जानकारी ली तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए। इसी क्रम में नर्मदापुरम रोड स्थित ग्राम कहारिया के राजस्थानी ढाबा पर घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग करते पाए जाने पर संबंधित सिलेंडर जब्ती की कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने घरेलू गैस सिलेंडर के दुरुपयोग पर कड़ी कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी।
