नीलेश यादव जिला ब्यूरो
नर्मदापुरम 09 ,अगस्त,2026 (हिन्द संतरी ) प्रदेश में 9 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान का आयोजन पूरी जनभागीदारी के साथ किया जाएगा। अभियान के दौरान नागरिकों में राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति की भावना को और अधिक सशक्त करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम एवं गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस वर्ष राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर वंदे मातरम् को भी हर घर तिरंगा अभियान से जोड़ा गया है।
अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले प्रत्यक्ष कार्यक्रमों में राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् का सामूहिक गायन तथा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराना प्रमुख रूप से शामिल रहेगा। जिले में तिरंगा थीम पर आधारित विभिन्न रचनात्मक एवं जनभागीदारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें तिरंगा प्रदर्शनी, तिरंगा रंगोली, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, स्वयंसेवा गतिविधियां, तिरंगा आधारित सजावट एवं प्रकाश व्यवस्था, सैन्य बलों के जवानों एवं पुलिसकर्मियों को पत्र लेखन, तिरंगा संगीत कार्यक्रम तथा नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों, युवाओं एवं विद्यार्थियों को राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार अभियान में अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर उसे हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा। जिले में अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
अभियान के साथ ही 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिले एवं संभाग स्तर पर शांति मार्च निकाला जाएगा तथा विभाजन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों की स्मृति में सभाओं का आयोजन किया जाएगा। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जिला, ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के कार्यक्रमों में सक्रिय जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रमों के माध्यम से विभाजन की त्रासदी को स्मरण करते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता, भाईचारे एवं सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया जाएगा।
