धनराज यादव जिला प्रतिनिधि
नर्मदापुरम 03,नवंबर,2026(हिन्द संतरी ) कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं। उन्होंने प्राप्त आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को मौके से ही आवश्यक कार्रवाई कर समस्याओं का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कुछ प्रकरणों में समयसीमा निर्धारित कर उन्हें समयावधि प्रकरण के रूप में दर्ज किया गया, जबकि अन्य आवेदनों का समाधान कलेक्टर द्वारा मौके पर ही किया गया। जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ श्री हिमांशु जैन, अपर कलेक्टर श्री राजेश शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जनसुनवाई में वार्ड क्रमांक 16, गिन्नी कंपाउंड, मीनाक्षी चौक नर्मदापुरम के रहवासियों ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि कॉलोनी में पेयजल का प्रेशर कम आ रहा है। इसके कारण ऊपरी मंजिल एवं ऊंचाई पर स्थित घरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है और रहवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर कलेक्टर ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी को निर्देश दिए कि मौके पर पहुंचकर पेयजल लाइनों एवं वाल्व की जांच करें तथा पानी का प्रेशर कम होने के कारणों का पता लगाकर समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें।
इसी प्रकार ग्राम पंचायत पथरोटा के ग्राम आमकछार के ग्रामीणों ने आवागमन के प्रचलित रास्ते को बाधित किए जाने की शिकायत करते हुए आवेदन दिया। कलेक्टर ने इस प्रकरण में एसडीएम इटारसी को मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की उपस्थिति में जांच करने तथा समस्या का उचित निराकरण करने के निर्देश दिए।
नर्मदापुरम निवासी श्रीमती सुखवती अहिरवार ने उज्ज्वला योजना के अंतर्गत मिलने वाले गैस सिलेंडर की आपूर्ति बंद होने की समस्या से कलेक्टर को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि पूर्व में उन्हें योजना के तहत नियमित रूप से गैस सिलेंडर प्राप्त हो रहे थे, लेकिन विगत माह से आपूर्ति बंद कर दी गई है। इस पर कलेक्टर ने जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी को आपूर्ति बाधित होने के कारणों की जांच कर शीघ्र गैस सिलेंडर की आपूर्ति पुनः प्रारंभ करवाने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर निर्धारित समयसीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आवेदन पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए आवेदकों की समस्याओं का संतुष्टिपूर्ण समाधान किया जाए।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री हिमांशु जैन, अपर कलेक्टर श्री राजेश शुक्ला, संयुक्त कलेक्टर श्री नितिन टाले, एसडीएम नर्मदापुरम श्री देवेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने भी नागरिकों की समस्या को सुनकर उनका समाधान सुनिश्चित करें।
