नीलेश यादव जिला ब्यूरो
नर्मदापुरम 02,नवंबर,2026(हिन्द संतग्री ) कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने सोमवार को कलेक्टर कार्यालय में कृषि एवं अन्य संबद्ध विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर आगामी रबी फसल के दृष्टिगत जिले में खाद की उपलब्धता, वितरण एवं भंडारण व्यवस्था की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों की मांग और आवश्यकता के अनुरूप खाद की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि कृषि कार्यों में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि किसानों की मांग को देखते हुए सिवनी मालवा विकासखंड के धर्मकुंडी में मार्कफेड के डबल लॉक गोदाम का शीघ्र संचालन प्रारंभ किया जाए। इससे आसपास के क्षेत्र के किसानों को कैश सेल पॉइंट के माध्यम से आसानी से खाद उपलब्ध हो सकेगा। इसी प्रकार पिपरिया एवं बानापुरा में मार्केटिंग सोसाइटी द्वारा तैयार किए गए कैश सेल पॉइंट को भी तत्काल प्रभाव से संचालित कर किसानों को खाद वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने गोदामों एवं सहकारी समितियों के माध्यम से यूरिया का नियमित उठाव सुनिश्चित करने के लिए भी सहकारिता एवं कृषि विभाग को निर्देशित किया। उन्होंने डीआरसीएस को निर्देशित किया कि समिति स्तर पर प्रबंधकों को खाद की मांग का समय पर आकलन कर डिमांड प्रस्तुत करने के लिए पाबंद करें, जिससे खाद की आपूर्ति एवं परिवहन व्यवस्था सुचारु बनी रहे और किसानों को समय पर आवश्यकतानुसार खाद उपलब्ध कराया जा सके।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री हिमांशु जैन सहित कृषि एवं अन्य संबद्ध विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
