नीलेश यादव जिला ब्यूरो
नर्मदापुरम 03,नवंबर,2026/ (हिन्द संतरी ) कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने एमपीआईडीसी के मोहासा औद्योगिक क्षेत्र में विकसित हो रहे औद्योगिक अधोसंरचना कार्यों तथा औद्योगिक संस्थानों की आवश्यकताओं के संबंध में उद्योग प्रतिनिधियों के साथ परिचर्चा की। इस दौरान उन्होंने प्रतिनिधियों से औद्योगिक क्षेत्र के विकास, संस्थानों के संचालन में आ रही समस्याओं तथा आवश्यक सुविधाओं के संबंध में विस्तार से चर्चा कर सुझाव प्राप्त किए।
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने उद्योग प्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तुत सुझावों को गंभीरता एवं सकारात्मकता से सुना। उन्होंने आश्वस्त किया कि बैठक में प्राप्त सुझावों पर प्राथमिकता से विचार कर जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि औद्योगिक संस्थानों की स्थापना एवं संचालन के लिए आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र तथा अन्य शासकीय प्रक्रियाओं में जिला प्रशासन द्वारा पूरा सहयोग प्रदान किया जाएगा, ताकि उद्यमियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
कलेक्टर ने ईई एमपीआईडीसी को निर्देशित किया कि उद्योग प्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तुत सुझावों पर विशेष रूप से कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में जोखिमपूर्ण गतिविधियों एवं संभावित दुर्घटनाओं को दृष्टिगत रखते हुए फायर ब्रिगेड स्टेशन शीघ्र प्रारंभ करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही औद्योगिक क्षेत्र में मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर भी विचार किया जाए। उन्होंने स्ट्रीट लाइट एवं ड्रेनेज व्यवस्था की नियमित समीक्षा करने तथा आवश्यकतानुसार मेंटेनेंस सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में औद्योगिक संस्थानों से निकलने वाले सामान्य अपशिष्ट के उचित प्रबंधन के लिए एमपीआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र में कचरा वाहन संचालित करने का सुझाव भी प्रतिनिधियों द्वारा दिया गया। कलेक्टर ने इस सुझाव पर भी आवश्यक विचार करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने औद्योगिक संस्थानों से कहा कि वे औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के विद्यार्थियों को ऑन द जॉब ट्रेनिंग उपलब्ध कराएं, जिससे विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हो और वे उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप रोजगार के लिए तैयार हो सकें। उन्होंने प्राचार्य आईटीआई को निर्देशित किया कि औद्योगिक संस्थानों की जरूरतों के अनुरूप संस्थान में नए पाठ्यक्रम शामिल करने की संभावनाओं पर कार्य करें तथा अतिरिक्त पाठ्यक्रम प्रारंभ करने के लिए शासन को प्रस्ताव भी प्रेषित करें।
बैठक में कार्यकारी संचालक एमपीआईडीसी श्री संदीप अस्थाना, महाप्रबंधक जिला उद्योग विकास विभाग श्री नवीन शुक्ला सहित औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
