नीलेश यादव जिला ब्यूरो
नर्मदापुरम 02,नवंबर,2026(हिन्द संतरी ) जिले में अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री के भंडारण एवं विक्रय के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में माखननगर तहसील के ग्राम आरी में प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन स्थानों से बड़ी मात्रा में पटाखे जप्त किए हैं। जप्त पटाखों का कुल अनुमानित मूल्य 1 लाख 65 हजार रुपये है।
नायब तहसीलदार माखननगर सुनील गड़वाल, थाना माखननगर के उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह राजपूत एवं पुलिस बल द्वारा संयुक्त रूप से ग्राम आरी में नवीन जैन, मनोज जैन एवं हर्ष साहू के मकानों एवं दुकानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान घनी आबादी वाले रहवासी क्षेत्र में बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण पाया गया। जांच में उक्त भंडारण विस्फोटक अधिनियम के प्रावधानों के विपरीत एवं आमजन की सुरक्षा की दृष्टि से जोखिमपूर्ण पाया गया।
संयुक्त टीम द्वारा मौके पर विधिवत कार्रवाई करते हुए तीनों स्थानों से पटाखे जप्त किए गए। विस्फोटक सामग्री का असुरक्षित एवं उपेक्षापूर्ण तरीके से भंडारण किए जाने के संबंध में तीनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 9(बी) विस्फोटक अधिनियम एवं धारा 288 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत पृथक-पृथक तीन अपराध पंजीबद्ध किए गए हैं। जप्त सामग्री को नियमानुसार थाना माखननगर में सुरक्षित जमा कराया गया है।
जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि पटाखों का भंडारण एवं विक्रय निर्धारित नियमों तथा वैध अनुज्ञप्ति के अनुरूप ही करें। घनी आबादी वाले रहवासी क्षेत्रों में विस्फोटक सामग्री का अवैध एवं असुरक्षित भंडारण न करें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
