धनराज यादव जिला प्रतिनिधि
इटारसी 04,नवम्बर,2026(हिन्द संतरी ) इटारसी नगर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने तथा यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नवनिर्मित नवीन बस स्टैंड से बसों का संचालन प्रारंभ किया जाएगा। इस संबंध में जिला प्रशासन द्वारा जनप्रतिनिधियों एवं व्यापारी संघों एवं बस ऑपरेटरों के पदाधिकारियों को आमंत्रित कर बैठक आयोजित की गई जिसमे आवश्यक सुविधाओं के विस्तार और बस संचालन की व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।
उल्लेखनीय है कि इटारसी में नवीन बस स्टैंड का निर्माण यात्रियों की सुविधा एवं शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से किया गया है। हालांकि, नवीन बस स्टैंड तैयार होने के बावजूद यहां से बसों का संचालन प्रारंभ नहीं हो पाया था। इसे दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा स्थानीय जनप्रतिनिधियों, बस संचालकों, व्यापारी संगठनों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से समन्वय कर बस संचालन प्रारंभ करने की पहल की जा रही है।
प्रशासन द्वारा निर्देशित किया गया है कि सभी बस संचालक नवीन बस स्टैंड से ही बसों का संचालन सुनिश्चित करें। साथ ही शहर में संचालित ऑटो एवं ई-रिक्शा के किराया निर्धारण, सिटी बस जैसी परिवहन सुविधा के संबंध में भी आवश्यक निर्णय लिया जाएगा, जिससे यात्रियों को निर्धारित एवं उचित दरों पर परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सके।
प्रशासन द्वारा आगामी कार्य दिवसों में संबंधित पक्षों के साथ एक अन्य बैठक आयोजित कर बस संचालन को अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए चर्चा की जाएगी जिससे आगामी त्योहारों के दौरान आम नागरिकों एवं यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं व्यापारी संगठनों से प्राप्त सुझावों के आधार पर इटारसी में सिटी बस जैसी स्थानीय परिवहन सुविधा विकसित करने तथा अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने पर भी विचार किया जाएगा।
