नीलेश यादव जिला ब्यूरो
नर्मदापुरम 04,नवम्बर,2026 (हिन्द संतरी ) कलेक्टर आशीष वशिष्ठ के निर्देशानुसार जिले के शासकीय एवं निजी विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट के लिए विशेष अभियान प्रारंभ किया गया है। अभियान के तहत जिले के 13 विद्यालयों में 25 आधार मशीनों के माध्यम से शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में बुधवार को कुल 1022 विद्यार्थियों का बायोमेट्रिक अपडेट दर्ज किया गया। इसी के साथ अब तक कुल 1710 अपडेट हो चुके हैं।
अभियान का उद्देश्य जिले के सभी पात्र विद्यार्थियों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट समयसीमा में पूर्ण कराना है। शिविरों के प्रभावी संचालन एवं सतत निगरानी के लिए डीपीसी डॉ. राजेश जायसवाल द्वारा शिक्षा विभाग के बीईओ, बीआरसी एवं जनशिक्षकों की विद्यालयवार ड्यूटी लगाई गई है। वहीं, तकनीकी व्यवस्थाओं के लिए जिला ई-गवर्नेंस मैनेजर श्री संदीप चौरसिया द्वारा सहायक ई-गवर्नेंस प्रबंधक एवं ऑपरेटरों को तैनात किया गया है।
अभियान की निगरानी के लिए संबंधित अनुभागों के एसडीएम भी सक्रिय रूप से निरीक्षण कर रहे हैं। विद्यार्थियों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट के लिए यह अभियान 5 नवंबर को भी जारी रहेगा। जिला प्रशासन ने सभी विद्यालयों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित शिविरों में बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट कराने में सहयोग करें, ताकि जिले के सभी पात्र विद्यार्थियों का अपडेट समय पर पूर्ण किया जा सके।
